पुणे: पुणे रेल मंडल में 19 सितंबर से 4 अक्टूबर 2026 तक 15 दिनों का मेगा रेल ब्लॉक लिया जाएगा। यह ब्लॉक हडपसर और घोरपडी के बीच तीसरी रेल लाइन को चालू करने के लिए जरूरी इंफ्रास्ट्रक्चर कार्यों के तहत किया जा रहा है। इस दौरान पुणे और हडपसर यार्ड में इंजीनियरिंग, सिग्नलिंग, टेलीकम्युनिकेशन और ओवरहेड उपकरणों से जुड़े काम किए जाएंगे।
रेलवे के अनुसार, निर्माण कार्य के कारण कुछ रेल लाइनें अस्थायी रूप से उपलब्ध नहीं रहेंगी। इसका असर लंबी दूरी की ट्रेनों के साथ-साथ पुणे क्षेत्र की लोकल और DEMU सेवाओं पर भी पड़ेगा।
42 ट्रेनें रद्द
इस मेगा ब्लॉक के दौरान 42 ट्रेनों को रद्द किया गया है। इनमें पुणे-नागपुर, नागपुर-पुणे, पुणे-सोलापुर, सोलापुर-पुणे और पुणे-मुंबई सहित कई सेवाएं शामिल हैं। कुछ DEMU और पुणे-लोनावला उपनगरीय सेवाओं पर भी असर पड़ेगा।
25 ट्रेनें डायवर्ट
इसके अलावा 25 ट्रेनों के मार्ग में बदलाव किया गया है। कुछ लंबी दूरी की ट्रेनों को लोनावला-करजत-पनवेल-कल्याण या सोलापुर-कुर्दुवाड़ी-मिरज जैसे वैकल्पिक मार्गों से चलाया जाएगा। कुछ ट्रेनों को बीच के स्टेशनों पर ही समाप्त या शुरू किया जाएगा।
रेलवे के मुताबिक, यह काम पुणे क्षेत्र में रेल परिचालन क्षमता बढ़ाने और भविष्य में अधिक ट्रेनों को संभालने के उद्देश्य से किया जा रहा है। हडपसर-घोरपडी तीसरी लाइन भी इसी क्षमता विस्तार योजना का हिस्सा है।
यात्रियों को सलाह दी गई है कि यात्रा से पहले अपनी ट्रेन का नवीनतम रनिंग स्टेटस, समय और रूट रेलवे के आधिकारिक enquiry system या NTES पर जरूर जांच लें।
