मुंबई: गणेशोत्सव के दौरान मुंबई के कालाचौकी इलाके में गणपति पंडाल के पास करंट लगने से दो लोगों की मौत हो गई। मृतकों में एक 8 वर्षीय बच्ची रागिनी घनश्याम यादव और एक 33 वर्षीय महिला सुजाता शामिल हैं। घटना में चार अन्य लोग घायल हुए हैं।
यह हादसा रविवार तड़के करीब 2:20 बजे दत्ताराम लाड मार्ग पर कालाचौकी विभाग सार्वजनिक उत्सव मंडल के पास हुआ। प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, पंडाल के प्रवेश द्वार के पास लगाए गए एक अस्थायी पेयजल और कोल्ड ड्रिंक स्टॉल में बिजली का करंट फैल गया। इसी दौरान वहां मौजूद श्रद्धालु इसकी चपेट में आ गए।
घटना की सूचना मिलने के बाद मुंबई फायर ब्रिगेड ने तत्काल बिजली आपूर्ति बंद कर दी और इलाके को घेराबंदी कर सुरक्षित किया। करंट की चपेट में आए लोगों को इलाज के लिए मसिना और ग्लोबल अस्पताल ले जाया गया। एक 12 वर्षीय बच्ची को ICU में भर्ती कराया गया, जबकि तीन अन्य घायलों की हालत स्थिर बताई गई।
अस्थायी बिजली व्यवस्था पर सवाल
प्रारंभिक जांच में BEST अधिकारियों ने अस्थायी बिजली कनेक्शन में गड़बड़ी की बात कही है। BEST की ओर से संबंधित मंडल को खराब तरीके से लगाए गए अस्थायी मीटर को लेकर नोटिस भी जारी किया गया है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और हादसे के लिए जिम्मेदार परिस्थितियों की जांच की जा रही है।
गणेशोत्सव के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं की मौजूदगी को देखते हुए इस घटना के बाद पंडालों और अस्थायी बिजली कनेक्शनों की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल उठ रहे हैं। प्रशासन की ओर से भी ऐसे आयोजनों में विद्युत सुरक्षा नियमों का सख्ती से पालन करने पर जोर दिया जा रहा है।
