नांदेड: महाराष्ट्र के नांदेड जिले में नांदेड-भोकर मार्ग पर गुरुवार शाम एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ। सीताखंडी घाट के पास यात्री वाहन और ट्रक की आमने-सामने टक्कर में कम से कम छह लोगों की मौत हो गई, जबकि आठ लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं।
सीताखंडी घाट के पास हुआ हादसा
पुलिस के अनुसार, दुर्घटना शाम करीब 7 बजे हुई। टाटा मैजिक यात्री वाहन नांदेड से भोकर की ओर जा रहा था। इसी दौरान सामने से आ रहे ट्रक से उसकी जोरदार भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि यात्री वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और कई यात्री अंदर फंस गए।
छह यात्रियों की मौत
हादसे में छह लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। मृतकों में पांडुरंग वाघमारे, उनकी पत्नी लक्ष्मीबाई वाघमारे, सैयद अल्तमाश, शेख फिरोज और बलवान पवार शामिल हैं। एक मृतक की पहचान की प्रक्रिया जारी थी।
आठ लोग गंभीर रूप से घायल
दुर्घटना में आठ लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं। हादसे के बाद स्थानीय नागरिक मौके पर पहुंचे और क्षतिग्रस्त वाहन में फंसे लोगों को बाहर निकालने में मदद की। घायलों को तत्काल नजदीकी अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार चल रहा है।
पुलिस ने शुरू की जांच
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस और राहत दल मौके पर पहुंचे। दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है। पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि दोनों वाहनों की आमने-सामने टक्कर किन परिस्थितियों में हुई।
मृतकों के परिवारों को आर्थिक सहायता
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने नांदेड हादसे में हुई मौतों पर दुख व्यक्त करते हुए मृतकों के परिजनों को प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष से 2 लाख रुपये और घायलों को 50 हजार रुपये की अनुग्रह राशि देने की घोषणा की है।
