नागपुर। पूर्व विदर्भ के छह जिलों में पिछले साल की तुलना में इस साल डेंगू मरीजों की संख्या चार गुना ज्यादा है। इसमे तीन मरीजों की मौत भी हो गई है। ऐन दिवाली पर डेंगू के लगातार नए मरीज मिल रहे हैं, इसलिए चिंता बढ़ गई है। सार्वजनिक स्वास्थ्य विभाग के पुणे कार्यालय के रिकॉर्ड के अनुसार पूर्व विदर्भ के छह जिलों नागपुर, वर्धा, भंडारा, गोंदिया, चंद्रपुर, गढ़चिरोली में 1 जनवरी से 31 दिसंबर 2022 के बीच डेंगू के 552 मामले सामने आए। इस दौरान किसी भी मरीज की मृत्यु नहीं हुई। लेकिन इस साल इन छह जिलों में 1 जनवरी 2023 से 6 नवंबर 2023 के बीच 2 हजार 176 मरीज मिले। इनमें तीन मरीजों की इलाज के दौरान मौत हो गई।
मृतक मरीजों में नागपुर ग्रामीण से 1, नागपुर शहर से 1 और चंद्रपुर जिले से 1 मरीज शामिल हैं। पूर्व विदर्भ के नागपुर जिले में इस साल डेंगू के सबसे ज्यादा मामले हैं। इसमें शहर के 843 और ग्रामीण क्षेत्र के 422 समेत नागपुर जिले के कुल 1 हजार 265 मरीज शामिल हैं।
जबकि वर्धा जिले में 155, भंडारा में 28, गोंदिया में 180, चंद्रपुर ग्रामीण में 155, चंद्रपुर शहर में 179, गढ़चिरोली जिले में 214 आदि कुल मिलाकर पूर्व विदर्भ में कुल 2 हजार 176 मरीज सामने आए। अब भी नागपुर समेत पूर्व विदर्भ के कुछ जिलों में लगातार डेंगू के नए मामले मिलने से स्वास्थ्य विभाग की चिंता बढ़ गई है।
स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में
सार्वजनिक स्वास्थ्य विभाग के नागपुर उपसंचालक कार्यालय के अनुसार, मरीजों की संख्या बढ़ने पर सभी जगह आवश्यक कीटनाशक छिड़काव के साथ-साथ जन जागरूकता का काम भी किया जा रहा है। इसलिए अब स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है। इसलिए नये मरीजों की संख्या काफी कम है।