हांगझोऊ। भारत की अन्नू रानी ने हांगझोऊ एशियाई खेलों में इतिहास रचते हुए भाला फेंक स्पर्धा में स्वर्ण जीता है। अपने चौथे प्रयास में सीजन का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करते हुए उन्होंने 62.92 मीटर भाला फेंका। श्रीलंका की नदीशा दिलहान ने रजत पदक जीता। इसी के साथ अन्नू एशियाड में जेवलिन थ्रो में स्वर्ण जीतने वाली पहली भारतीय महिला एथलीट बन गई हैं। 72 साल में ऐसा पहली बार हुआ है जब एशियाई खेलों में महिलाओं के भाला फेंक में किसी भारतीय ने स्वर्ण जीता है।
मुक्केबाजी में पुरुषों के +92 किलोग्राम भारवर्ग में नरेंद्र को कांस्य से संतोष करना पड़ा। भारत के तेजस्विन शंकर ने रजत पदक अपने नाम किया है। उन्होंने डेकेथलॉन में यह कामयाबी हासिल की। प्रवीण चित्रावेल ने पुरुषों की ट्रिपल जंप स्पर्धा में कांस्य पदक जीता।
भारत के मोहम्मद अफजल ने पुरुषों के 800 मीटर दौड़ में रजत पदक जीता है। उन्होंने 1:48:43 मिनट का समय लिया। भारत की पारुल चौधरी ने महिलाओं की 5000 मीटर दौड़ में स्वर्ण जीता है। यह एशियाई खेलों में महिलाओं की 5000 मीटर दौड़ में भारत का पहला स्वर्ण है। विद्या रामराज ने 400 मीटर बाधा दौड़ में भारत को एक और पदक दिला दिया है।
मुक्केबाजी में प्रीति ने कांस्य पदक जीता है। चीन की युआन चैंग के खिलाफ सेमीफाइनल में उन्हें हार का सामना करना पड़ा।