इस्लामाबाद. पाकिस्तान के अशांत खैबर पख्तूनख्वा प्रांत में रविवार को दो सिख व्यापारियों की अज्ञात बंदूकधारी ने गोली मारकर हत्या कर दी। हमला उपनगर सरबंद में हुआ। पेशावर पुलिस ने कहा कि मारे गए दोनों सिख सरबंद के बाटा ताल बाजार में मसाले बेचने वाले दुकानदार थे। मृतकों की पहचान सलजीत सिंह (42) और रंजीत सिंह (38) के रूप में हुई। दोनों की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और इलाके की घेराबंदी कर हमलावरों की तलाश शुरू की। अभी तक किसी ने हमले की जिम्मेदारी नहीं ली है। पेशावर में सिख समुदाय के करीब 15 हजार लोग रहते हैं। इनमें से अधिकांश प्रांतीय राजधानी के समीप जोगन शाह में रहते हैं। पेशावर में रहने वाले सिख समुदाय के अधिकांश लोग व्यापार करते हैं। कुछ फार्मेसी भी चलाते हैं। खैबर पख्तूनख्वा के मुख्यमंत्री महमूद खान ने हमले की निंदा की है और हमलावरों को पकड़ने के पुलिस को निर्देश दिए। उन्होंने घटना को समुदायों के बीच विश्वास भंग करने की साजिश करार दिया। खान ने कहा कि मृतकों के परिवारों को न्याय दिलाया जाएगा।