नागपुर। (नामेस)।
कोराडी देवी मंदिर में दर्शन कर घर वापस आ रही एक महिला की ट्रेलर की चपेट में आने से मौत हो गई। महिला की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। मनीषा त्र्यंबक खोडे (39) मृतक महिला का नाम है। वे खापरी, वर्धा रोड की निवासी थीं।
शनिवार रात को मनीषा कोराडी स्थित मंदिर में देवी के दर्शन के लिए गईं थी। करीब 12.30 बजे वे एक दुपहिया वाहन (एमएच-49 /एन 8645) में सवार होकर घर की ओर निकल पड़ीं। कोराडी से शहर की ओर आने वाले रास्ते में इंडियन आॅयल पेट्रोल पंप के सामने कंटेनर नं. एचआर-55/क्यू-6743 के चालक ने लापरवाही से गाड़ी चलाते हुए उनके दोपहिया वाहन को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी।
मनीषा अपने दोपहिया वाहन समेत नीचे गिर गई। ट्रेलर की चपेट में आने से उनकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद चालक घटनास्थल से फरार हो गया। रास्ते पर मौजूद लोगों ने तुरंत घटना की सूचना पुलिस को दी। कोराडी पुलिस घटनास्थल पर पहुंची। पुलिस ने आरोपी ट्रेलर चालक के खिलाफ मामला दर्ज किया है और जांच प्रक्रिया प्रारंभ कर दी है।