
हिरासत से भागे AAP विधायक हरमीत सिंह पठानमाजरा, पुलिस पर फायरिंग से मचा हड़कंप
पंजाब की सनौर विधानसभा सीट से AAP विधायक हरमीत सिंह पठानमाजरा को सोमवार को हरियाणा के कुरुक्षेत्र से पुलिस ने गिरफ्तार किया था। गिरफ्तारी के कुछ ही घंटों बाद विधायक पुलिस हिरासत से फरार हो गए।
पुलिस पर फायरिंग और हमला
जानकारी के अनुसार, गिरफ्तार करने के बाद जब पुलिस उन्हें स्थानीय थाने ले जा रही थी, तभी पठानमाजरा और उनके साथियों ने अचानक पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। इस गोलीबारी में एक कांस्टेबल घायल हो गया। इतना ही नहीं, विधायक ने गाड़ी चढ़ाने की भी कोशिश की और फिर अपने साथियों के साथ स्कॉर्पियो और फॉर्च्यूनर से भाग निकले। पुलिस ने फॉर्च्यूनर जब्त कर ली, लेकिन पठानमाजरा अभी भी स्कॉर्पियो में फरार हैं।
गिरफ्तारी क्यों हुई थी?
दरअसल, विधायक की पूर्व पत्नी ने उनके खिलाफ रेप और धोखाधड़ी (धारा 376 और 420) का केस दर्ज कराया था। यह मामला पटियाला के सिविल लाइंस थाने में दर्ज है। हाईकोर्ट में इस केस की सुनवाई हो चुकी थी और जांच की जिम्मेदारी डीआईजी रोपड़ रेंज को दी गई थी।
विधायक का आरोप
गिरफ्तारी से ठीक पहले विधायक हरमीत ने फेसबुक पर लाइव आकर आरोप लगाया था कि “पंजाब में असली सत्ता दिल्ली से चल रही है। बाढ़ की स्थिति पर सरकार की आलोचना करने की वजह से उन्हें निशाना बनाया जा रहा है।”
वकील का बयान
विधायक के वकील सिमरनजीत सिंह सग्गू ने कहा कि यह कार्रवाई राजनीतिक दबाव का नतीजा है। उन्होंने आरोप लगाया कि हाईकोर्ट ने केस का निपटारा कर दिया था, बावजूद इसके दोबारा FIR दर्ज की गई। वकील के मुताबिक, शिकायतकर्ता ने खुद अदालत में स्वीकार किया था कि वह हरमीत सिंह के साथ लिव-इन रिलेशनशिप में थी और अगर रिश्ते सुधरते हैं तो वह इसे जारी रखने के लिए तैयार है। ऐसे में रेप और धोखाधड़ी की धाराएं लगाना कानून और सिस्टम पर सवाल खड़े करता है।
पुलिस की कार्रवाई जारी
फिलहाल पुलिस ने फरार विधायक की तलाश तेज कर दी है और आरोपियों के खिलाफ हत्या की कोशिश, हमला और पुलिस पर गोली चलाने जैसी गंभीर धाराओं में भी केस दर्ज किया गया है।