नागपुर।(नामेस)। एमआईडीसी पुलिस थाना अंतर्गत हिंगणघाट-वर्धा से अपनी लड़की के रिश्तेदार के घर नागपुर में सगाई समारोह में भाग लेने आई एक महिला के बैग से लोकमान्य तिलक मेट्रो स्टेशन की लिफ्ट में तीन महिला आरोपियों ने मिलकर बैग से करीब 2 लाख 2 हजार के सोने के आभूषनों पर हाथ साफ कर दिया। शिकायत मिलने के बाद पुलिस सीसीटीवी कैमरों के आधार पर अज्ञात महिला आरोपियों की तलाश कर रही है। संत तुकड़ोजी नगर, हिंगनघाट निवासी वैजयंतीमाला सोमेश्वर मेंढे (55) अपनी बेटी के रिश्तेदार के घर सगाई समारोह में भाग लेने आई थी। सगाई में शामिल होने के बाद महिला बुधवार को वापस अपने घर जाने के लिए लोकमान्य नगर मेट्रो स्टेशन पर पहुंची थी। टिकट निकालने के लिए वह लिफ्ट में सवार हुई। उसी दौरान लिफ्ट में उसके साथ तीन और अज्ञात महिलाएं सवार हुई। उन्होंने नजर चुरा कर उसके बैग से करीब 2 लाख 2 हजार रुपये कीमत के आभूषण चुरा लिए। इसके बाद तीनों महिलाएं वहां से निकल गई। टिकट निकालने के लिए जब महिला ने अपना पर्स देखा तो वह ग़ायब दिखा। उसके बाद इसकी शिकायत एमआईडीसी पुलिस से की। पुलिस ने अज्ञात महिला आरोपियों के खिलाफ धारा 379, 34 के तहत मामला दर्ज किया है। आरोपी महिलाओं के सीसीटीवी फुटेज पुलिस के हाथ लगे हैं जिनके आधार पर ही पुलिस अब इन आरोपी महिलाओं की तलाश कर रही है।