नई दिल्ली। (एजेंसी)। देश में एक दिन में कोविड-19 के 8,318 नए मामले सामने आए, महामारी से 465 लोगों की मौत हो गई। देश में एक्टिव मरीजों की संख्या कम होकर 1,07,019 हो गई जो 541 दिनों में सबसे कम है। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय द्वारा जारी आंकड़ों के अनुसार, देश में कुल 3 करोड़ 45 लाख 63 हजार 749 लोग कोरोना से संक्रमित हो चुके हैं। इनमें से 4,67,933 लोग मारे जा चुके हैं। एक्टिव मरीजों की संख्या कम होकर 1,07,019 हो गई, जो संक्रमण के कुल मामलों का 0.31 प्रतिशत है। पिछले 24 घंटों में कोविड-19 के उपचाराधीन मरीजों की संख्या में 3,114 मामलों की गिरावट दर्ज की गई। इस बीमारी से स्वस्थ होने वाले मरीजों की संख्या बढ़कर 3 करोड़ 39 लाख 88 हजार 797 हो गई। कोविड-19 से स्वस्थ होने वाले लोगों की दर 98.34 प्रतिशत है जो मार्च 2020 के बाद से सबसे अधिक है।