नागपुर। (नामेस)।
पांचपावली पुलिस थाना अंतर्गत रहने वाली एक फरियादी महिला के घर में घुस कर 27 वर्षीय आरोपी ने उसकी 17 वर्षीय नाबालिग बेटी के साथ दुष्कर्म किया। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार रात करीब साढ़े 12 बजे के दरमियान पांचपावली परिसर में रहने वाली एक महिला के घर में अचानक आरोपी सूरज ब्रम्हानंद लहाने (27) बंगाली पंजा, लेंडी तालाब निवासी घर में घुसा और फरियादी की 17 वर्षीय नाबालिग बेटी के साथ दुष्कर्म किया। हालांकि घर में ही मौजूद मां के जाग जाने के कारण उसने शोर मचाया और आरोपी को रंगे हाथ पकड़ लिया गया, जिसके बाद इस घटना की जानकारी पुलिस को दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी फर्नीचर का व्यवसाय करता है और उसकी 3 महीने से किशोरी के साथ प्रेम संबंध है। नाबालिग किशोरी 11वीं कक्षा में पढ़ती है। रात के समय आरोपी इस किशोरी से मिलने के लिए चुपके से उसके घर में आया था। उसी दौरान उसने शारीरिक संबंध स्थापित किए, परंतु किशोरी की मां के जाग जाने के कारण उसने शोर मचाया और पड़ोसियों की मदद से उसे पकड़कर इस घटना की जानकारी पुलिस को दी। इसके बाद घटनास्थल पर पहुंचकर पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया। पीड़ित किशोरी की मां की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ भारतीय दंड विधान की धारा 354 (अ), 450, 376 सहधारा 8, 12 पोक्सो एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है। सोमवार को पुलिस ने आरोपी को कोर्ट में पेश किया जहां कोर्ट ने उसे 4 दिन के लिए पुलिस कस्टडी रिमांड में भेज दिया है।