नागपुर शहर अपराध शाखा यूनिट–01 ने हिंगणा थाना क्षेत्र अंतर्गत खडका शेत शिवार में अवैध रूप से गैस सिलेंडरों का भंडारण कर कृत्रिम टंचाई पैदा करने वाले आरोपियों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। यह कार्रवाई आवश्यक वस्तु अधिनियम (ईसी एक्ट) के तहत की गई।
विश्वसनीय गुप्त सूचना के आधार पर 9 फरवरी 2026 की शाम करीब 5.10 बजे यूनिट–01 की टीम ने हबीब गुलाम शेख के खेत स्थित गोदाम में छापा मारा। छापे के दौरान आरोपी घरेलू गैस सिलेंडरों से मशीन की सहायता से व्यावसायिक सिलेंडरों में गैस भरते हुए रंगे हाथों पकड़े गए। यह कार्य न केवल अवैध था, बल्कि लोगों की जान के लिए भी गंभीर खतरा पैदा करने वाला था।इस कार्रवाई में पुलिस ने कुल 179 गैस सिलेंडर, रिफिलिंग मशीन, पाइप, वजन कांटे, वैक्यूम पंप, मोबाइल फोन, नकद राशि तथा गैस की अवैध ढुलाई में प्रयुक्त बोलेरो पिकअप वाहन सहित कुल 11 लाख 21 हजार 700 रुपये का मुद्देमाल जब्त किया।इस मामले में सुनिलकुमार जानी, प्रकाश खिल्लेरी, श्रवणकुमार जानी, हबीब गुलाम शेख और भवानी गैस एजेंसी के मालिक को आरोपी बनाया गया है। आरोपियों के खिलाफ हिंगणा पुलिस थाने में बीएनएस की धारा 287 तथा आवश्यक वस्तु अधिनियम की धारा 3 और 7 के तहत मामला दर्ज कर आगे की जांच जारी है।
