भोपाल/रायपुर। मध्यप्रदेश (मप्र) में सभी 230 विधानसभा सीटों पर चुनाव लड़ रहे 2533 प्रत्याशियों की किस्मत ईवीएम में कैद हो गई है। शुक्रवार को सुबह 7 बजे शुरू हुई वोटिंग शाम 6 बजे थम गई। हिंसा की छिटपुट घटनाओं के बीच शाम 6 बजे तक 71.16 प्रतिशत वोटिंग हुई. उधर पड़ोसी राज्य छत्तीसगढ़ (छग) में दूसरे चरण के चुनाव में 5 बजे तक 68.15% वोटिंग दर्ज की गई. दोनों राज्यों के नतीजे 3 दिसंबर को आएंगे.
छत्तीसगढ़ में दूसरे चरण में 70 सीटों पर मतदान शाम 5 बजे खत्म हो गया। शाम 5 बजे तक 68.15% वोटिंग हुई है। सबसे कम मतदान 58.83% रायपुर में हुआ है। छत्तीसगढ़ विधानसभा चुनाव में मतदान खत्म होने के बाद नक्सल प्रभावित गरियाबंद की बिंद्रानवागढ़ में नक्सलियों ने आईडीडी ब्लास्ट कर दिया। इसकी चपेट में आकर आईटीबीपी के जवान जोगिंदर सिंह शहीद हो गए।
मध्यप्रदेश में सर्वाधिक वोटिंग 82 प्रतिशत आगर मालवा जिले में
प्रदेश में शाम 5 बजे तक 71.16 प्रतिशत वोटिंग हुई। सबसे अधिक 82 प्रतिशत वोट आगर मालवा जिले में डाले गए हैं। सबसे कम आलीराजपुर जिले में 56.24% वोट पड़े। रतलाम जिले की सैलाना सीट पर सबसे ज्यादा 85.49% वोटिंग हुई। भिंड सीट पर सबसे कम 50.41% वोट डाले गए।
विवाद, मारपीट और पार्षद की कुचलने से मौत
भोपाल में मतदान केंद्र हिंद कॉन्वेंट स्कूल में विवाद का एक वीडियो सामने आया, जिसमें मंत्री विश्वास सारंग युवक पर हाथ उठाते हुए नजर आए। इंदौर-4 विधानसभा सीट पर कांग्रेस और भाजपा कार्यकर्ताओं में मारपीट हो गई। वीडियो में भाजपा विधायक मालिनी गौड़ के बेटे एकलव्य सिंह भी मारपीट करते नजर आ रहे हैं। छतरपुर के राजनगर में कांग्रेस प्रत्याशी विक्रम सिंह नाती राजा की गाड़ी चला रहे पार्षद की कुचलने से मौत हो गई। इस मामले में बीजेपी प्रत्याशी अरविंद पटेरिया सहित उनके 18-20 साथियों पर केस दर्ज किया गया है।
हार्ट अटैक से तीन मौतें, करंट से एक युवक मरा
उज्जैन और खरगोन में हार्ट अटैक से एक-एक वोटर की, तो रायसेन के सिलवानी में पुलिसकर्मी की हार्ट अटैक से मौत हो गई। हरदा में पोलिंग बूथ पर करंट से एक युवक की जान चली गई। इंदौर के महू में भाजपा कार्यकर्ता ने कांग्रेसियों पर तलवार से हमला कर दिया। छिंदवाड़ा में बूथ का निरीक्षण करने पहुंचे सांसद नकुलनाथ को भाजपाइयों ने रोक दिया। इस पर हंगामा हो गया। मुरैना जिले के दिमनी के एक मतदान केंद्र पर फायरिंग हो गई।
छग में कई हाई प्रोफाइल सीटें
छत्तीसगढ़ में चुनाव के इस चरण में कई हाई प्रोफाइल सीटें भी हैं। सीएम भूपेश बघेल, डिप्टी सीएम टीएस सिंहदेव और विधानसभा अध्यक्ष डॉ. चरण दास महंत सहित 10 मंत्रियों की प्रतिष्ठा दांव पर लगी हुई है। भाजपा से प्रदेश अध्यक्ष अरुण साव सहित 4 सांसद और 10 विधायक भी चुनावी मैदान में हैं। जेसीसीजे प्रदेश अध्यक्ष अमित जोगी और उनकी मां व विधायक रेणु जोगी भी चुनाव लड़ रहे हैं। दूसरे चरण में 958 प्रत्याशी अपनी किस्मत आजमा रहे हैं। पहले चरण में 20 सीटों पर 12 नवंबर को 78% मतदान हुआ था। चुनाव परिणाम 3 दिसंबर को आएंगे।