सीताबर्डी पुलिस थाना अंतर्गत एक दुष्कर्म का मामला सामने आया है जहां एक ऑटो डीलर ने तलाकशुदा महिला के साथ दुष्कर्म किया। पुलिस ने महिला की शिकायत के बाद आरोपी के खिलाफ दुष्कर्म की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर गिरफ्तार किया।
पकड़ा गया आरोपी शाहिद लतीफ इकबाल अंसारी 42) अंसार नगर मोमिनपुरा निवासी बताया जा रहा है। शाहिद अंसारी का ऑटो डील का काम है। पीड़ित महिला 40 वर्ष की है और पति से तलाक होने के बाद अपने बेटे के साथ सीताबर्डी परिसर में अलग रहती है। आरोप है कि आरोपी ने महिला के साथ पहले नजदीकियां बनाई और शादी करने का झांसा देकर उसके साथ उसके घर में जाकर शारीरिक संबंध बनाने लगा।
शराब पिलाकर उसके साथ कई बार दुष्कर्म किया। और इन निजी पलों को उसने अपने मोबाइल फोन में भी कैद किया। एक दिन पीड़ित महिला ने जब आरोपी का मोबाइल फोन चेक किया तो पता चला कि उसने उसके निजी फोटो को और अन्य लोगों को भी भेजा था। जब पीड़ित महिला ने इसका कारण पूछा तो आरोपी ने उसके साथ मारपीट की और उसके बेटे को जान से मारने की धमकी देकर वहां से चला गया। इसके बाद महिला ने सीताबर्डी पुलिस थाने में आकर इसकी शिकायत दर्ज करवाई। पुलिस ने शिकायत मिलने के बाद आरोपी को गिरफ्तार किया है और आगे की जांच कर रही है।