नागपुर। विमान में सफर के दौरान एक महिला यात्री के साथ बगल की सीट में ही सफर कर रहे युवक द्वारा अश्लील हरकत कर छेड़खानी किए जाने का मामला सोनेगांव पुलिस थाना अंतर्गत दर्ज हुआ है। महिला की शिकायत के बाद आरोपी को गिरफ्तार किया गया है। पकड़ा गया आरोपी 32 वर्षीय शेख नूर मोहम्मद शेख दुर्रानी कॉम्पलेक्स, प्लॉट नंबर 12, मीठानगर कोंडवा, पुणे निवासी बताया गया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार पीड़ित महिला 40 वर्ष की है और पुणे में रहती है। पीड़ित महिला के पिता का देहांत हो जाने के चलते वह अंतिम संस्कार में शामिल होने के लिए इंडिगो की फ्लाइट से 9 अक्तूबर की दोपहर पुणे से नागपुर आई थी।
नागपुर एयरपोर्ट पर लैंडिंग से पहले आरोपी फिरोज शेख नूर मोहम्मद शेख ने महिला के साथ अश्लील हरकत करना शुरू कर दिया था। आरोपी फिरोज शेख नूर मोहम्मद शेख पुणे की एक निजी कंपनी में इंजीनियर के रूप में काम करता है और काम के सिलसिले से नागपुर आ रहा था। आरोपी की हरकतों से तंग आकर आखिरकार महिला ने केबिन क्रू से इस घटना की शिकायत की थी। इसके बाद तुरंत केबिन क्रू ने नागपुर सीआईएसएफ की टीम को इस घटना की जानकारी दी।
आरोपी के नागपुर एयरपोर्ट पर उतरते ही सीआईएसएफ के अधिकारियों ने उसे हिरासत में ले लिया। इसके बाद इस घटना की जानकारी सोनेगांव पुलिस को दी गई। पुलिस ने महिला की शिकायत पर छेड़खानी की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार किया है और आगे की जांच कर रही है।