आॅनलाइन जुए की लत के चलते व्यापारी को 58 करोड़ 42 लाख की धोखाधड़ी मामले के मुख्य आरोपी चर्चित बुक्की अनंत उर्फ सोंटू नवरत्न जैन (40) को सोमवार को सुप्रीम कोर्ट से भी झटका लगा है। सुप्रीम कोर्ट ने गिरफ्तारी पूर्व उसकी बेल एप्लीकेशन को रद्द किया है।
इससे पहले भी मुंबई उच्च न्यायालय की नागपुर खंडपीठ ने उसकी गिरफ्तारी पूर्व बेल एप्लीकेशन को खारिज किया था। इसके बाद आरोपी सोंटू जैन नागपुर पुलिस को चकमा देकर गिरफ्तारी से पूर्व ही यहां से भाग गया था। जैसे कि पहले ही अंदेशा व्यक्त किया जा रहा था कि वह सुप्रीम कोर्ट की शरण लेगा, सही साबित हुआ। हालांकि सोमवार को उसे सुप्रीम कोर्ट से भी निराशा हाथ लगी है।
विक्रांत अग्रवाल नामक व्यापारी की शिकायत पर साइबर पुलिस थाने में धोखाधड़ी की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया था। इसके बाद पुलिस ने सोंटू जैन के घर गोंदिया से 17 करोड़ रुपये की नगदी, 14 किलो सोना, 294 किलो चांदी के साथ ही उसके लॉकर से 85 लाख रुपए की नगदी और 4 करोड़ 50 लाख रुपए के आभूषण बरामद किए थे।