पंजाब पुलिस ने कांग्रेस विधायक सुखलाल सिंह खैरा को ड्रग्स के मामले में गुरुवार को उस वक्त गिरफ्तार किया जब वह फेसबुक लाइव कर रहे थे। इस मामले को लेकर इंडिया गठबंधन में बवाल मचा हुआ है और साथ में यह सवाल भी उठ रहे हैं कि जब कांग्रेस और आप दोनों पार्टियां इंडिया गठबंधन में साथ है तो एक पार्टी दूसरी पार्टी पर इतनी हमलावर क्यों है।
बता दें कि पंजाब में आप पार्टी की सरकार है और भगवंत मान यहां के चीफ मिनिस्टर हैं। अब इस गिरफ्तारी के बाद विपक्षी गठबंधन की एकता पर भी सवाल उठने लगे हैं। इस बारे में जब आप पार्टी के संयोजक अरविंद केजरीवाल से पूछा गया तो उन्होंने कहा कि हम इंडिया गठबंधन के साथ हैं।
गठबंधन को लेकर उठ रहे तमाम सवालों का जवाब देते हुए दिल्ली के सीएम अरविंद केजरीवाल ने कहा, ‘आम आदमी पार्टी इंडिया गठबंधन के प्रति समर्पित हैं। आम आदमी पार्टी किसी भी हालत में इंडिया गठबंधन से अलग नहीं होगी… आम आदमी पार्टी सरकार नशे को खत्म करने के लिए प्रतिबद्ध है.. लेकिन मैं किसी विशेष केस या किसी व्यक्ति विशेष पर बात नहीं कर रहा, क्योंकि मेरे पास जानकारी नहीं है, जानकारी पंजाब पुलिस के पास है।’