साल के अंत में होने वाले 5 राज्यों के विधानसभा चुनाव के लिए भले ही चुनाव आयोग ने किसी प्रकार की घोषणा न की हो। लेकिन भारतीय जनता पार्टी अभी से चुनाव की तैयारी में जुट गई है। लोकसभा चुनाव से ठीक पहले हो रहे इन चुनावों को भाजपा सेमीफाइनल के तौर पर देख रही है। चुनाव प्रचार की जिम्मेदारी खुद केंद्रीय नेतृत्व कर रहा है।सोमवार को प्रधानमंत्री मोदी ने मध्य प्रदेश और राजस्थान में पार्टी के लिए प्रचार किया। पीएम के भोपाल दौरे के बाद सोमवार रात को पार्टी ने मध्य प्रदेश में प्रत्याशियों की दूसरी लिस्ट जारी कर दी। वहीं, पार्टी मध्य प्रदेश के तर्ज पर राजस्थान में टिकट देने जा रही है। इस बात का संकेत पार्टी की ओर से पहले ही दे दिया गया है।मध्य प्रदेश के बाद अब राजस्थान में भाजपा प्रत्याशियों की पहली सूची कभी भी जारी हो सकती है। पार्टी ने दो दर्जन विधानसभा से अधिक सीटों पर प्रत्याशियों के नाम तय कर लिए हैं। इन नामों पर प्रदेश कोर कमेटी में बनी सहमति के बाद पार्टी के राष्ट्रीय नेतृत्व ने भी सहमति जताई है। भाजपा प्रत्याशियों की पहली सूची में अधिकांश उन सीटों को शामिल कर रही है, जिस पर उसकी स्थिति मजबूत है। साथ ही करीब पांच से छह सबसे कमजोर मानी जाने वाली सीटों पर भी प्रत्याशियों के नाम पहली सूची में जारी हो सकते हैं।