यशोधरा नगर पुलिस थाने के कुंदन लाल गुप्ता नगर परिसर में पुराने विवाद के चलते आरोपी ने तलवार से हमला कर व्यक्ति को गंभीर रूप से घायल कर दिया। पुलिस ने शिकायत मिलने के बाद आरोपी को गिरफ्तार किया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार यशोधरा नगर परिसर के कुंदन लाल गुप्ता नगर निवासी फरियादी खुशहाल लक्ष्मण राव निखारे (36) के भतीजे के साथ आरोपी निकेश साहू (23) फुकट नगर, पंजाबी लाइन के पीछे निवासी का कुछ दिन पहले मामूली बात को लेकर विवाद हुआ था। तब यह झगड़ा पुलिस थाने भी पहुंचा था।
रविवार रात करीब 9:00 के दरमियान फरियादी बस्ती में ही एनएमसी के स्कूल के पास देवराज निमजे नामक व्यक्ति के घर के पास खड़ा था। उसी दौरान आरोपी निकेश साहू वहां पहुंचा और पुराने विवाद के चलते तलवार से हमला कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया।
लोगों ने घायल को इलाज के लिए मेयो अस्पताल पहुंचाया और घटना की जानकारी पुलिस को दी। पुलिस ने मामले की शिकायत मिलने के बाद आरोपी के खिलाफ भारतीय दंड विधान की धारा 307 के तहत मामला दर्ज किया है और आगे की जांच कर रही है।