कीव/मॉस्को/ वाशिंगटन। (एजेंसी)। रूस और यूक्रेन के बीच लगातार 17 वें दिन भी जंग जारी है। दोनों देश एक दूसरे के सामने झुकने के लिए तैयार नहीं हैं। कीव को तबाह करने के लिए रूस फाइनल तैयारी में लगा है। पश्चिमी देशों रूस पर नकेल कसने के लिए लगातार प्रतिबंधों का ऐलान कर रहे हैं। इसके पलटवार में रूस भी कड़े एक्शन ले रहा है। रूस ने धमकी देते हुए कहा है कि पश्चिमी देशों की तरफ से लगाए गए प्रतिबंधों की वजह से इंटरनेशनल स्पेस स्टेशन क्रैश हो सकता है। अमेरिका और रूस पिछले 24 साल से इंटरनेशनल स्पेस स्टेशन के रखरखाव के लिए एक साथ काम कर रहे हैं। यहां दोनों के तालमेल से 21वीं सदी की कई महत्वपूर्ण खोजें भी हई है, लेकिन यूक्रेन युद्ध ने हालात को बिल्कुल बदल दिया है। रूस की धमकी के बाद अमेरिकी एस्ट्रोनॉट मार्क वंदे हेई दो अन्य रूसी अंतरिक्ष यात्रियों के साथ कजाकिस्तान में उतरने का प्लान कर रहे हैं।
मस्जिद पर गोलाबारी, 80 से अधिक वयस्कों और बच्चों ने ली थी शरण
इस बीच, यूक्रेन के विदेश मंत्रालय ने कहा कि रूसी सेना ने यूक्रेन के बंदरगाह शहर मारियुपोल में एक मस्जिद पर गोलाबारी की है, जहां तुर्की के नागरिकों सहित 80 से अधिक वयस्कों और बच्चों ने शरण ली है। मंत्रालय ने दावा किया कि मारियुपोल में सुल्तान सुलेमान की बनाई मस्जिद पर रूस ने आक्रमण किया है। हताहतों के बारे में विवरण नहीं दिया है।
यूक्रेन के डिनिप्रो में कई धमाके
यूक्रेन के डिनिप्रो में रूसी सैनिकों ने एक बार फिर से हमला कर दिया है। हालांकि शहर के मेयर बोरिस फिलाटोव ने हमले को नाकाम करने का दावा किया है।
मीडिया रिपोर्ट के अनुसार अमेरिकी प्रशासन ने रूसी राष्ट्रपति पुतिन के प्रवक्ता पर पाबंदी लगा दी है। वहीं इंटरनेशनल कोर्ट में भी रूस को घेरने की तैयारी हो रही है।
जपारिज्जिया परमाणु ऊर्जा संयंत्र में रूसी इंजीनियर
रूस जपारिज्जिया परमाणु ऊर्जा संयंत्र में अपने 11 इंजीनियरों को लाया है। यूक्रेन की सरकारी परमाणु कंपनी एनरगोआटॉम के प्रमुख ने कहा कि रूसी कब्जाधारियों ने संयंत्र के कर्मचारियों से कहा कि उन्हें रूसी राज्य परमाणु ऊर्जा निगम रोसाटॉम के निर्देशों का पालन करना होगा। द कीव इंडिपेंडेंट के हवाले से यह खबर आई है।
बेलारूस बोला- रूसी अभियान में नहीं लेंगे हिस्सा
बेलारूस के सशस्त्र बलों के जनरल स्टाफ के प्रमुख विक्टर गुलेविच ने कहा कि बेलारूस की यूक्रेन पर रूसी आक्रमण में शामिल होने की कोई योजना नहीं है। लेकिन वह पहले से ही तैनात सुरक्षाबलों को बदलने के लिए बारी-बारी से अपनी सीमा पर पांच बटालियन सामरिक समूहों (बीटीजी) को भेज रहा है।
मानवीय गलियारों से सहायता के बीच रूस के हमले जारी
रॉयटर्स की रिपोर्ट के मुताबिक, यूक्रेन के उन क्षेत्रों में रूसी हमले जारी हैं जहां यूक्रेन लोगों को निकालने और मानवीय गलियारों के माध्यम से सहायता लाने की कोशिश कर रहा है। दो यूक्रेनी क्षेत्रों, कीव और डोनेट्स्क के राज्यपालों ने अलग-अलग बयानों में यह बात कही है।
खाद्य गोदाम में रूस ने बमबारी कर आग लगाई
रूस की बमबारी में यूक्रेन के ब्रोवरी जिले स्थित खाद्य गोदाम में आग लग गई है। रूस इस हमले के जरिये खाद्य संकट पैदा कर यूक्रेनी सेना को समर्पण करने के लिए मजबूर कर सकता है। हालांकि यूक्रेन अभी भी झुकने के लिए तैयार नहीं है और रूसी सेना का डटकर मुकाबला कर रहा है।
रूस को घेरने के लिए अमेरिका ने भेजे 12000 सैनिक
अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडन ने कहा कि उन्होंने रूस से लगने वाली सीमा लातविया, एस्टोनिया, लिथुआनिया और रोमानिया में 12,000 सैनिकों को स्थानांतरित कर दिया है। उन्होंने कहा कि रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन युद्ध में विजयी नहीं होंगे जो उन्होंने यूक्रेन के खिलाफ छेड़ा है।