नागपुर। (नामेस)। कपिलनगर पुलिस थाना अंतर्गत एक महिला से नौकरी लगाने का झांसा देकर आरोपी द्वारा दुष्कर्म किए जाने का मामला सामने आया है। शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने आरोपी के खिलाफ दुष्कर्म किए जाने का मामला दर्ज कर गिरफ्तार किया है और आगे की जांच कर रही है। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार पीड़ित महिला 31 वर्ष की है और शादीशुदा है। महिला के 2 बच्चे हैं और उसके पति कोरोना में काम धंधा बंद होने के कारण घर पर ही रहता है और बेरोजगार है। यह महिला घर में ही ब्यूटी पार्लर का काम करती है। साल 2021 में इस महिला की पहचान फेसबुक पर आरोपी कोमल सिंह मनजीत सिंह जंजुवा (32) प्लॉट नंबर 301, जगदंबा ज्योति अपार्टमेंट निवासी से हुई थी। तब आरोपी ने घर बैठे काम करने के लिए एक विज्ञापन दिया था, जिसके झांसे में आकर जब पीड़ित महिला ने आरोपी से संपर्क किया तो उसने स्वयं को कपड़ों का व्यापारी बताया था। जान पहचान के बाद उनका आपस में बातचीत और फोन पर चैटिंग शुरू हो गई थी। आरोपी ने महिला को आॅनलाइन नौकरी दिलाने का झांसा दिया, जिसके चलते आॅनलाइन काम सिखाने के लिए उसे अपने एक दोस्त के कमरे में बुलाया। आरोप है कि उसी दौरान आरोपी ने इस महिला के साथ दुष्कर्म किया और उसका अश्लील वीडियो भी बनाया। इसी अश्लील वीडियो के द्वारा महिला को आरोपी ब्लैकमेल कर रहा था और उसके साथ दुष्कर्म की वारदात को अंजाम दे रहा था। आखिरकार तंग आकर इस महिला ने इसकी शिकायत पुलिस से कर दी। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ भारतीय दंड विधान की धारा 376, 354(ड), 506 के तहत मामला दर्ज कर गिरफ्तार किया है और आगे की जांच कर रही है।