नागपुर। (नामेस)। अजनी पुलिस थाना अंतर्गत रामेश्वरी स्थित बांते सुपर बाजार के संचालक मनोहर महादेवराव बांते ने गुरुवार करीब 11:00 बजे के दौरान अपने ही घर में फांसी का फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार गुरुवार सुबह बांते की भांजी का खरबी में विवाह समारोह का प्रोग्राम था। इसके चलते पूरा बांते परिवार शादी समारोह में गया हुआ था। उस समय मनोहर बांते घर में अकेले मौजूद थे। शादी समारोह से मृतक के भाई शरद बांते ने फोन किया था, परंतु कोई भी उत्तर नहीं देने के बाद उन्होंने सुपर बाजार के कर्मचारी को फोन कर घर जाने के लिए कहा था। सुपर बाजार से एक कर्मचारी तब उनके घर गया, परंतु दरवाजा अंदर से बंद था काफी देर तक डोर बेल बजाने के बाद भी जब अंदर से कोई प्रतिसाद नहीं मिला तब उन्होंने दोबारा इसकी जानकारी मनोहर के भाई शरद बांते को दी। कुछ अनिष्ट होने की आशंका के चलते तब पूरा परिवार शादी समारोह से घर पहुंचा। दरवाजा तोड़कर जब अंदर पहुंचे तब उन्हें पंखे से लटका हुआ मनोहर का शव दिखाई दिया। उसे तुरंत नीचे उतारकर परिजन उसे मेडिकल अस्पताल में लेकर गए, परंतु डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। इस घटना की जानकारी मिलते ही पूरे शादी समारोह में रिश्तेदारों में खलबली मच गई। इसके बाद पूरे रिश्तेदार घर पहुंच गए। फिलहाल मनोहर की आत्महत्या के कारणों का पता नहीं चल पाया है। अजनी पुलिस ने इस मामले में आकस्मिक मृत्यु का मामला दर्ज किया है और आगे की जांच कर रही है। परिवार में पत्नी रसिका, पुत्री तनुश्री पुत्र अथर्व इस घटना के बाद सदमे में हैं। पुत्र अथर्व पुणे में इंजीनियरिंग की पढ़ाई कर रहा है ।