नागपुर।(नामेस)। ‘सूर्य नमस्कार योग का एक बहुत ही प्रभावी रूप है। सूर्यनमस्कार एक ऐसा व्यायाम है जो नाखून से लेकर बालों तक सभी अंगों की एक्सरसाइज करवाता है। अच्छे स्वास्थ्य के लिए नियमित रूप से योग करना बेहद जरूरी है। नियमित रूप से सूर्य नमस्कार करने से बीमारियां दूर होती हैं और तनाव कम करने में मदद मिलती है। इसलिए जीवन में नियमित रूप से सूर्य नमस्कार के व्यायाम को अपनाएं।’ महापौर दयाशंकर तिवारी ने यह आवाहन किया। आजादी के अमृत महोत्सव के अवसर पर 75 करोड़ सूर्य नमस्कार अभियान की अवधारणा पूरे देश में लागू की जा रही है। इसमें नागपुर महानगरपालिका का भी महत्वपूर्ण योगदान रहा है। मनपा के तमाम स्कूल एवं वार्ड में सूर्य नमस्कार के विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए गए हैं। 75 करोड़ सूर्य नमस्कार के अभियान में मनपा ने 16675 सूर्य नमस्कार करते हुए योगदान दिया है। शहर में सूर्य नमस्कार अभियान बुधवार सुबह नौ बजे अंबाझरी तालाब के निकट स्वामी विवेकानंद स्मारक के सामने संपन्न हुआ। इस अवसर पर नागपुर महानगरपालिका के 75 शिक्षकों ने सूर्य नमस्कार किया। इस अवसर पर महापौर दयाशंकर तिवारी, खेल समिति अध्यक्ष प्रमोद तभाने, शिक्षण समिति अध्यक्ष दिलीप दिवे, खेल अधिकारी पीयूष आंबुलकर उपस्थित थे। योग को दुनिया में देश को पहचान दिलाने की प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की पहल के परिणामस्वरूप 21 जून को विश्व योग दिवस मनाया जाता है। इसी के तहत आजादी के अमृत महोत्सव के अवसर पर 75 करोड़ सूर्य नमस्कार अभियान का आयोजन किया गया है। इसमें नागपुर महानगरपालिका का अहम योगदान रहा है। लेकिन सूर्य नमस्कार का व्यायाम करना केवल इन दिनों तक ही सीमित नहीं है, बल्कि जीवन में प्रतिदिन नियमित रूप से सूर्य नमस्कार करने की आदत डालना अत्यंत आवश्यक है। महापौर दयाशंकर तिवारी ने कहा कि नियमित रूप से सूर्य नमस्कार व्यायाम करना नागरिकों के स्वास्थ्य के लिए वरदान साबित हो सकता है। खेल समिति के अध्यक्ष प्रमोद तभाने ने इस पहल के बारे में बताया। नागपुर महानगरपालिका के स्कूलों में छात्रों ने अनायास ही सूर्य नमस्कार अभियान में भाग लिया। इसके अलावा नगरसेवकों ने अपने वार्ड स्तर पर सूर्य नमस्कार इवेंट्स का भी आयोजन किया है। उन्होंने कहा कि मनपा की इस पहल में योगदान देना मनपा स्कूल के शिक्षक-शिक्षिकाओं के लिए गर्व की बात है।