लखनऊ: उत्तर प्रदेश के पूर्व कैबिनेट मंत्री और समाजवादी पार्टी के नेता गायत्री प्रसाद प्रजापति पर लखनऊ जेल में जानलेवा हमला हुआ है। मंगलवार को जेल के भीतर एक अन्य कैदी ने उन पर कैंची से हमला कर दिया, जिससे उनके सिर में गंभीर चोटें आईं। घटना के बाद जेल प्रशासन में हड़कंप मच गया और आनन-फानन में प्रजापति को इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया।
घायल पूर्व मंत्री को लगे 10 से ज्यादा टांके
प्राप्त जानकारी के अनुसार, हमलावर कैदी ने सफाई को लेकर हुए विवाद के बाद प्रजापति पर हमला किया। हमले में उनके सिर पर गहरी चोटें आईं और काफी खून बह गया। डॉक्टरों ने उनके सिर पर 10 से ज्यादा टांके लगाए हैं। फिलहाल उनकी हालत स्थिर बताई जा रही है और वह खतरे से बाहर हैं।
जेल प्रशासन पर उठे सवाल
इस घटना ने एक बार फिर जेल प्रशासन की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। समाजवादी पार्टी ने इस हमले को लेकर चिंता व्यक्त की है और पूर्व मंत्री की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है। सपा प्रवक्ता फखरुल हसन चांद ने सोशल मीडिया पर इस घटना को चिंताजनक बताते हुए जेल प्रशासन से समुचित इलाज उपलब्ध कराने की अपील की।

कौन हैं गायत्री प्रजापति?
गायत्री प्रसाद प्रजापति समाजवादी पार्टी की सरकार में मंत्री रह चुके हैं। वह गैंगरेप के एक मामले में उम्रकैद की सजा काट रहे हैं और साल 2017 से लखनऊ जेल में बंद हैं। इस तरह के हाई-प्रोफाइल कैदी पर जेल के भीतर हमला होने से सुरक्षा व्यवस्था की खामियां उजागर हुई हैं। पुलिस ने हमलावर कैदी के खिलाफ कार्रवाई शुरू कर दी है।