नागपुर शहर के पुलिस आयुक्त डॉ. रविंद्र कुमार सिंगल के शुभहस्ते “The Brahmastra Unleashed” पुस्तक का अनावरण समारोह नागपुर के चिटणवीस सेंटर, सिविल लाइंस में उत्साहपूर्ण माहौल में संपन्न हुआ। यह पुस्तक महाराष्ट्र के पूर्व पुलिस महानिदेशक तथा नागपुर शहर के पूर्व पुलिस आयुक्त डी. शिवानंदन द्वारा गहन अध्ययन और परिश्रम से लिखी गई है।

इस अवसर पर डॉ. रविंद्र कुमार सिंगल ने अपने उद्गार व्यक्त करते हुए कहा कि – “मुंबई शहर ने 90 के दशक में कई गंभीर चुनौतियों का सामना किया। उस समय मुंबई पुलिस ने दिखाया हुआ साहस, अनुशासन और कार्यकुशलता प्रशंसनीय है। इस पुस्तक के माध्यम से उस दौर का यथार्थ चित्रण नई पीढ़ी के पुलिस अधिकारियों के लिए प्रेरणादायी सिद्ध होगा। साथ ही यह पुस्तक महाराष्ट्र पुलिस बल और आमजनता को उस समय की परिस्थितियों को समझने में मदद करेगी।” लेखक एवं सेवानिवृत्त पुलिस महासंचालक डी. शिवानंदन ने भी अपनी भावना व्यक्त करते हुए कहा कि – “नागपुर और मुंबई, दोनों ही जगह कार्य करने का सौभाग्य मुझे मिला। इस पुस्तक के माध्यम से मैंने मुंबई के अपराध जगत के विविध पहलुओं को पाठकों तक पहुँचाने का प्रयास किया है। यह पुस्तक मेरे व्यक्तिगत अनुभवों की अभिव्यक्ति नहीं बल्कि पूरे महाराष्ट्र पुलिस बल को समर्पित है।” कार्यक्रम में बड़ी संख्या में विभिन्न क्षेत्रों के गणमान्य लोग उपस्थित थे। नागपुर के पुलिस उपायुक्त निकेतन कदम, नित्यानंद झा, महक स्वामी, ऋषिकेश सिंगारेड्डी, अपर पुलिस आयुक्त शिवाजी राठोड़ और राजेंद्र दाभाडे ने अपनी उपस्थिति से समारोह की शोभा बढ़ाई। सह पुलिस आयुक्त नवीनचंद्र रेड्डी भी विशिष्ट अतिथि के रूप में मंच पर उपस्थित थे। इस कार्यक्रम के सफल आयोजन में श्र बगारिया तथा रोटी बैंक संस्था के सदस्यों ने विशेष योगदान दिया।