मुंबई। (एजेंसी)।
कांग्रेस नेता राजीव सातव के निधन के कारण रिक्त हुई राज्यसभा सीट पर होने वाले उपचुनाव में कांग्रेस और भाजपा बीच सीधी टक्कर होगी। सोमवार को कांग्रेस ने राज्यसभा उपचुनाव के लिए पार्टी की वरिष्ठ नेता रजनी पाटिल को उम्मीदवार घोषित किया है, जबकि भाजपा के राज्यसभा उपचुनाव के मुंबई भाजपा महासचिव संजय उपाध्याय को मैदान में उतारा है। रजनी फिलहाल जम्मू-कश्मीर की कांग्रेस प्रभारी हैं।
राज्यसभा उपचुनाव में सत्ताधारी महाविकास आघाड़ी की ओर से कांग्रेस उम्मीदवार रजनी पाटिल और भाजपा उम्मीदवार उपाध्याय के बीच मुकाबला होगा। राज्यसभा की यह सीट विधानसभा के सदस्यों द्वारा निर्वाचित होगी। विधानसभा सदन में सत्ताधारी तीनों दलों के विधायकों के संख्या-बल के आधार पर महाविकास आघाड़ी का पलड़ा भारी नजर आ रहा है। भाजपा के मुकाबले महाविकास आघाड़ी के पास स्पष्ट बहुमत हैं। उपचुनाव के लिए 22 सितंबर को उम्मीदवारों के नामांकन का आखिरी दिन है। 23 सितंबर को उम्मीदवारों के पर्चों की छानबीन होगी। जबकि 27 सितंबर तक उम्मीदवार अपना नामांकन वापस ले सकेंगे। वहीं उपचुनाव के लिए 4 अक्टूबर को मतदान होगा।
इससे कांग्रेस ने रजनी पाटिल का नाम विधान परिषद की राज्यपाल कोटे की सीटों के लिए भी भेजा गया था। हालांकि अभी तक राज्यपाल भगत सिंह कोश्यारी ने इन नामों को मंजूरी नहीं दी है।
महाराष्ट्र विधानसभा में सदस्यों का संख्या-बल
शिवसेना – 56
राकांपा – 53
कांग्रेस – 43
भाजपा- 106
बहुजन विकास आघाड़ी – 3
समाजवादी पार्टी -2
एमआईएम – 2
प्रहार शक्ति पक्ष- 2
मनसे – 1
कम्यूनिस्ट पार्टी आॅफ इंडिया(मार्क्सवादी) – 1
शेकाप -1
स्वाभिमानी पक्ष – 1
राष्ट्रीय समाज पक्ष -1
जनसुराज्य शक्ति पक्ष -1
क्रांतिकारी शेतकरी पक्ष-1
निर्दलीय- 13
रिक्त 1
कुल – 288