बेंगलुरु। कर्नाटक में एक पुलिस कॉन्स्टेबल किशोर (34) ने फोन नहीं उठाने पर अपनी पत्नी प्रतिभा (24) की हत्या कर दी। पुलिस ने बताया कि घटना 6 नवंबर की है। पत्नी ने 11 दिन पहले एक बेटे को जन्म दिया था। डिलीवरी के बाद वह होसकोटे के पास अपने मायके में थी।
टाइम्स आॅफ इंडिया के मुताबिक, आरोपी कॉन्स्टेबल चामराजनगर में तैनात है। किशोर को पत्नी के कैरेक्टर पर शक था। वह उसके कॉल डिटेल्स और मैसेज चेक करता रहता था। घटना से एक दिन पहले दोनों के बीच फोन पर बहस हुई थी।
इस दौरान प्रतिभा की मां ने फोन काट दिया था। कॉन्स्टेबल रात भर पत्नी को फोन करता रहा। उसने करीब 150 कॉल किए। जब पत्नी ने फोन नहीं उठाया तो वह अगली सुबह चामराजनगर से 230 किलोमीटर दूर पत्नी के मायके गया।
वहां उसने पहले खुद जहर खाया। फिर दुपट्टे से गला घोंटकर प्रतिभा की हत्या कर दी। इसके बाद आर एल जलप्पा हॉस्पीटल में जाकर एडमिट हो गया। पुलिस ने बताया कि आरोपी को डिस्चार्ज होने के बाद गिरफ्तार किया जाएगा।
7 दिन बाद शादी को एक साल पूरे होने वाले थे
पुलिस ने बताया कि प्रतिभा ने कम्प्यूटर साइंस से इंजीनियरिंग की पढ़ाई की थी। उसके पिता सुब्रमनी बेट्टाहलसूर ग्राम पंचायत के सेक्रेटरी हैं। पिछले साल 13 नवंबर को किशोर और प्रतिभा की शादी हुई थी। किशोर कोलार जिले के वीरापुरा का रहने वाला है।