लोकसभा चुनाव 2024 में बीजेपी का मुकाबला करने के लिए बनाए गए इंडिया गठबंधन ने 14 पत्रकारों के कार्यक्रमों में अपने नेताओं को नहीं भेजने का फैसला लिया है। कांग्रेस पार्टी के नेता पवन खेड़ा ने सोशल मीडिया साइट पर पोस्ट इंडिया मीडिया कमेटी के इस फैसले की जानकारी दी।
इंडिया मीडिया कमेटी ने गुरुवार दोपहर फैसला किया कि उनकी तरफ से सुधीर चौधरी, अर्णब गोस्वामी सहित कुल 14 पत्रकारों के शो में कोई भी प्रतिनिधि हिस्सा नहीं लेगा। इन 14 पत्रकारों में अदिति त्यागी, अमन चोपड़ा, अमिष देवगन, आनंद नरसिम्हा, अर्णब गोस्वामी, अशोक श्रीवास्तव, चित्रा त्रिपाठी, गौरव सावंत, नाविका कुमार, प्राची पराशर, रुबिका लियाकत, शिव अरूर, सुधीर चौधरी और सुशांत सिन्हा शामिल हैं। एनयूजे ने जताई आपत्ति नेशनल यूनियन आॅफ जर्नलिस्ट्स (एनयूजे) ने विपक्षी गठबंधन द्वारा पत्रकारों के नाम की लिस्ट जारी करने पर आपत्ति जताई है। एनयूजे के अध्यक्ष रास बिहारी ने कहा कि विपक्षी दलों द्वारा उठाया गया यह कदम भारत के लोकतांत्रिक इतिहास में मीडिया के ऊपर दमन का सबसे काला अध्याय है। उन्होंने कहा कि विपक्षी गठबंधन ने मीडिया का भी राजनीतिकरण कर दिया है। ये सर्वथा अनुचित और अस्वीकार्य है। ये इन दलों में लोकतांत्रिक मूल्यों की भारी कमी को भी दर्शाता है।