यशोधरा नगर पुलिस थाना अंतर्गत एक दुष्कर्म का मामला सामने आया है, जहां पड़ोस में किराए से रहने वाले एक युवक ने एक विधवा महिला को पहले अपने प्रेम जाल में फंसाया और शादी करने का झांसा देकर शारीरिक संबंध बनाए। बाद में शादी करने से इनकार करने पर महिला ने इसकी शिकायत पुलिस कर दी। पुलिस ने शिकायत मिलने के बाद आरोपी को गिरफ्तार किया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार फरियादी महिला 32 वर्ष की है और विधवा है। आरोपी अमित गजानन गाठे (29) पीड़ित महिला के पड़ोस में किराए से रहता था। वह मूलत: अमरावती के अचलपुर स्थित बोरड़ी का रहने वाला है। गजानन नागपुर की एक निजी कंपनी में काम करता था। आरोप है कि गजानन ने पहले महिला को अपने झांसे में लेकर प्रेम संबंध स्थापित किया और शादी का झांसा देकर शारीरिक संबंध बनाए।
बाद में आरोपी महिला को अपने घर भी लेकर गया, जहां उसके परिजनों ने शादी करने से इनकार कर दिया। दोबारा नागपुर लौटने के बाद भी वह महिला से जबरदस्ती शारीरिक संबंध बना रहा था। जब महिला ने उसे शादी करने के लिए दबाव बनाया तो उसने शादी करने से इनकार कर दिया और वह यहां से वापस अमरावती लौट गया।
इसके बाद महिला ने इसकी शिकायत पुलिस से कर दी। पुलिस ने दुष्कर्म के तहत मामला दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार किया है और आगे की जांच कर रही है।