कुशीनगर में मंगलवार दोपहर सिलेंडर लीक हाेने से भीषण आग लग गई। कई घर जल गए। जिसकी चपेट में आकर दो बच्चों समेत 3 लोगों की जिंदा जलकर मौत हो गई। गांव के लोग काफी देर तक आग बुझाने के लिए मशक्कत करते रहे। लेकिन आग पर काबू नहीं पा सके।
इसके बाद मौके पर पहुंची फायर बिग्रेड की टीम ने आग पर काबू पाया। लेकिन तबतक 6 घर जलकर राख हो गए थे। बताया जाता है कि हादसा एक घर में खाना बनाते समय हुआ। आग लगने के बाद सिलेंडर फट गया, जिससे दूसरे घर भी चपेट में आ गए। हादसे में 12 लोग झुलसे हैं, जिन्हें जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
हादसा पडरौना तहसील के बाजी पट्टी गांव में दोपहर 2 बजे हुआ। डीएम और एसपी ने घटना स्थल पर पहुंचकर हालात का जायजा लिया है। साथ ही पीड़ितों को हर सम्भव मदद के लिए स्वास्थ्य विभाग और प्रशासनिक अधिकारियों को निर्देश दिए हैं।
आग से झुलसकर 65 वर्षीय बुजुर्ग ठाकुर राजभर पुत्र जगन्नाथ, 8 वर्षीय सोनामिका पुत्री राजेन्द्र चौहान और 6 साल की सौम्या पुत्री नागेंद्र की मौत हो गई। मौके पर पहुंची पुलिस और प्रशासनिक टीम नुकसान का आंकलन कर रही है।