नागपुर। महाराष्ट्र की राजनीति में मची उथल-पुथल और मौजूदा महाविकास आघाड़ी सरकार पर मंडरा रहे संकट के बीच भाजपा नीत सरकार बनने की आहट के मद्देनज़र नेता विपक्ष व पूर्व मुख्यमंत्री देवेंद्र फडनवीस के धरमपेठ स्थित निवास पर सुरक्षा का पहरा बढ़ा दिया गया है। इसी बीच फडणवीस के अचानक दिल्ली रवाना होने की बात सामने आई। सूत्रों के अनुसार फडणवीस महाराष्ट्र में राजनीतिक घटनाक्रम पर पार्टी के शीर्ष नेताओं से चर्चा करके आगे की रणनीति पर विचार करेंगे। फडणवीस के घर पर भी विधायकों का आना जाना जारी है। भाजपा की महाराष्ट्र इकाई के अध्यक्ष चंद्रकांत पाटिल आज कहा कि वे राज्य की राजनीतिक उठापटक पर पैनी निगाह बनाए हुए हैं। भाजपा इस बार इसलिए ज्यादा चौकन्नी है क्योंकि महा विकास अघाड़ी सरकार के सत्ता में आने से पहले राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी के नेता अजीत पवार के साथ सरकार बनाने के बाद राकांपा नेताओं ने अचानक धोखा दिया था और महज़ तीन दिन में सरकार गिर गई थी।