नई दिल्ली। (एजेंसी)। पिछले एक साल में भारत 11,607 करोड़ रुपए के हथियार बेच चुका है। यह आंकड़ा 8 साल पहले के डिफेंस एक्सपोर्ट से 6 गुना ज्यादा है। 2014-2015 में 1,941 करोड़ रुपए के हथियारों को एक्सपोर्ट किया गया था। लोकसभा में रक्षा मंत्रालय की ओर से यह जानकारी जूनियर डिफेंस मिनिस्टर अजय भट्ट ने एक सवाल के जवाब में दी। उन्होंने कहा, ‘इस दौरान, सरकार ने डिफेंस एक्सपोर्ट को बढ़ावा देने और डील्स को आसान बनाने के लिए कई कदम उठाए हैं। प्रोसेस को सरल बनाया है, एक्सपोर्ट के अवसरों का पता लगाने और ग्लोबल टेंडर्स में हिस्सा लेने के लिए डीआरडीओ और पीएसयू (पब्लिक सेक्टर अंडरटेकिंग) को भी अधिकार दिए हैं। उन्होंने बताया कि आॅर्डिनेंस फैक्ट्री बोर्ड और उसके 41 फैक्ट्रीज के 7 डिफेंस पीएसयू भी एक्सपोर्ट को बढ़ावा देने में मदद करेंगे।
रक्षा बजट भी 10 साल में दोगुना हुआ
भट्ट के मुताबिक 2013-14 में देश का डिफेंस बजट 2.53 लाख करोड़ रुपए था। अब यह दोगुना होकर लगभग 5.25 लाख करोड़ रुपए हो गया है। स्टॉकहोम इंटरनेशनल पीस रिसर्च इंस्टिट्यूट (सिपरी) ने डिफेंस बजट में खर्च के आधार पर भारत को अमेरिका और चीन के बाद तीसरे स्थान पर रखा है। सिपरी के मुताबिक भारत ने पिछले दशक में डिफेंस बजट पर खर्च 76% बजट बढ़ाया है। इसके उलट पूरी दुनिया में इस दौरान डिफेंस बजट का खर्च केवल 9% बढ़ा।
हथियारों में देश की आत्मनिर्भरता बढ़ी
हथियारों के मामले में पिछले कुछ सालों में भारत की आत्मनिर्भरता बढ़ी है। सिपरी के मुताबिक रूस से हथियारों के इम्पोर्ट में भी 21% की कमी आई है। हथियारों की खरीदी 2012-17 के 69% से घटकर 2017-21 में 46% रह गई। इसके बावजूद दुनिया में भारत 2017-21 के बीच में हथियारों का सबसे बड़ा आयातक रहा। यानी इस दौरान भारत ने दुनिया भर में हथियारों के कुल आयात में भारत की हिस्सेदारी 11% रही।