नागपुर। (नामेस)। जन्मदिन के एक प्रोग्राम को निपटाने के बाद अपने घर लौट रहे एक फोटोग्राफर के साथ अनहोनी घटना हो गई। तीन युवक उसके कैमरे को छीन कर रात के समय अंधेरे में फरार हो गए। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार घटना रविवार रात करीब 10:45 बजे के दरमियान गिट्टीखदान परिसर में घटित हुई है। फरियादी 52 वर्षीय कैलाश पंढरी मेंघल मानकापुर निवासी है, जो कि पेशे से फोटोग्राफर है। रविवार शाम को फरियादी दाभा परिसर में एक जन्मदिन के प्रोग्राम में फोटो खींचने के लिए आया हुआ था। प्रोग्राम खत्म होने के बाद जब वह अपने घर जाने लगा तो एक लड़का उसके पास आया और उसने उसके घर में प्रोग्राम होने की बात की। साथ ही फोटो का आर्डर देने की बात कर उसे अपने साथ घर चलने के लिए कहा। फरियादी तब उसी की दोपहिया गाड़ी पर बैठ कर उसके घर जाने लगा। रास्ते में युवक के दो अन्य साथी मिले, जो उसी की दोपहिया गाड़ी में सवार हो गए। रास्ते में फरियादी को कुछ आशंका हुई और उसने गाड़ी रोकने के लिए कहा। उसी दौरान तीनों आरोपियों ने उसके पास की बैग छीन ली और उसमें से कैमरा लेकर तीनों आरोपी वहां से फरार हो गए। कैमरे की कीमत करीब 30,000 बताई जा रही है। फरियादी की शिकायत पर अज्ञात आरोपियों के खिलाफ पुलिस ने भारतीय दंड विधान की धारा 392, 34 के तहत मामला दर्ज किया है और आगे की जांच कर रही है।