-आरोपी 5 दिन के पुलिस रिमांड पर
-थाना पहुंचे इलाके के नागरिक
नागपुर। (नामेस)। इमामबाड़ा क्षेत्र में 8 वर्षीय मतिमंद नाबालिग लड़की के साथ पड़ोस में रहने वाले आरोपी द्वारा दुष्कर्म करने के बाद रामबाग और इमामबाड़ा परिसर के लोगों में भारी रोष व्याप्त है। सोमवार सुबह परिसर के कई नागरिक इमामबाड़ा थाना पहुंचे और आरोपी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने की मांग की। इस बीच, सोमवार को आरोपी को कोर्ट में पेश किया गया, जहां कोर्ट ने उसे 5 दिन की पुलिस कस्टडी रिमांड में भेज दिया है। प्राप्त जानकारी के अनुसार इमामबाड़ा थाना क्षेत्र में एक नराधम आरोपी ने अपने ही घर के पास रहने वाली 8 वर्ष की बच्ची से दुष्कर्म किया। इस घटना से पूरे इलाके में खलबली मच गई। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया, लेकिन नागरिकों में इस घटना के बाद रोष फैल गया। पुलिस ने बिना समय गंवाये आरोपी को गिरफ्तार किया था। पकड़ा गया आरोपी सूरज लोखंडे (40) बताया जा रहा है। पीड़ित बच्ची मानसिक रूप से कमजोर है। उसके माता-पिता मजदूरी करते हैं। रविवार की सुबह दोनों काम पर चले गए। बड़ी बहन के साथ बच्ची घर पर थी। आंगन में खेलते समय सूरज ने उसे अपने घर पर बुलाया। उसके साथ दुष्कर्म किया। बच्ची रोती बिलखती हुई उसके घर से बाहर निकली। उसकी चीख-पुकार सुनकर बड़ी बहन मदद के लिए दौड़ी, रोने का कारण पूछने पर उसने सूरज की हरकत के बारे में बताया, जिसके बाद बड़ी बहन उसे तुरंत इमामबाड़ा थाने लेकर गई। पुलिस को सूरज द्वारा दुष्कर्म किए जाने की जानकारी मिली। उसके बाद घटना की जानकारी बच्ची के माता-पिता को दी गई। बच्ची के माता-पिता थाने पहुंचे। पुलिस ने बच्ची की हालत के गंभीर होने के चलते उसे तुरंत मेडिकल अस्पताल में भर्ती कराया। वहीं पुलिस ने कुछ घंटे में ही आरोपी को भी गिरफ्तार कर लिया। सोमवार सुबह नागरिक अचानक इमामवाड़ा थाने पहुंचे और पुलिस निरीक्षक राजेंद्र सानप से मिले और उन्हें ज्ञापन सौंपा और आरोपी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने की मांग भी की।