नागपुर। (नामेस)। पारडी पुलिस थाने के नवीन नगर परिसर में रहने वाले दो पड़ोसियों में पैसों के पुराने विवाद को लेकर झगड़ा हो गया, जिसमें आरोपी ने फरियादी के साथ मारपीट कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया। पुलिस ने शिकायत मिलने के बाद आरोपी के खिलाफ मारपीट किए जाने का मामला दर्ज किया है और आगे की जांच कर रही है। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार पारडी परिसर के प्लॉट क्रमांक 34 नवीन नगर पारडी निवासी फरियादी शैलेंद्रनाथ बद्री प्रसाद मिश्रा (37) और आरोपी अनवर खान (26) दोनों एक ही बस्ती में रहते हैं। पिछले कुछ समय से पैसों के लेन-देन को लेकर उनका विवाद जारी था। 25 फरवरी 2022 के करीब 8:30 बजे के दरमियान आरोपी फरियादी के पास आया और पैसों के पुराने विवाद के चलते गाली-गलौज के बाद हाथ मुक्की से पिटाई कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया। शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने आरोपी के खिलाफ भारतीय दंड विधान की धारा 325, 294, 506 के तहत मामला दर्ज किया है और आगे की जांच कर रही है।
गाड़ी का कट लगा तो हमला कर दिया
नागपुर। नवीन कामठी पुलिस थाना अंतर्गत गाड़ी का कट लगने के चलते हुए विवाद में आरोपियों ने मिलकर लकड़ी के डंडे से मारकर युवक को गंभीर रूप से घायल कर दिया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार फरियादी भूषण मुकेश घराडे (21) जे.एन. रोड चंद्रमणि नगर कामठी निवासी शुक्रवार करीब 8:30 बजे के दरमियान अपनी दोपहिया गाड़ी से घर जा रहा था। उसी दौरान नवीन कामठी के जे.एन. रोड चंद्रमणिनगर के पास आरोपी किरण रामटेके (24) न्यू खलासी लाइन नवीन कामठी निवासी की दोपहिया गाड़ी से कट लगने के कारण झगड़ा शुरू हो गया। इसी झगड़े में आरोपी रविंद्र नत्थू मेश्राम (22) व उसके पांडेय नामक दोस्त ने मिलकर फरियादी के साथ पहले गाली-गलौज की और बाद में लकड़ी के डंडे से सिर पर मार कर गंभीर रूप से घायल कर दिया। फरियादी ने इसकी शिकायत पुलिस से की है। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ भारतीय दंड विधान की धारा 324, 504, 34 के तहत मामला दर्ज किया है और आगे की जांच कर रही है।