नई दिल्ली। (एजेंसी)। यूक्रेन के खिलाफ रूस के आक्रामक बर्ताव की कड़े शब्दों में निंदा करने वाले संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद के प्रस्ताव पर हुए मतदान में भारत ने हिस्सा नहीं लिया। इसे लेकर कांग्रेस ने केंद्र सरकार पर निशाना साधा है। कांग्रेस के सीनियर नेता मनीष तिवारी ने कहा कि भारत को यूक्रेन के लोगों के साथ एकजुटता दिखाते हुए मतदान में भाग लेना चाहिए था। तिवारी ने ट्वीट किया, ‘ऐसा समय आता है जब राष्ट्रों को खड़े होने और बिल्कुल अलग खड़े नहीं होने की जरूरत होती है। काश भारत ने सुरक्षा परिषद में यूक्रेन की उस जनता साथ एकजुट प्रकट करते हुए मतदान किया होता जो अप्रत्याशित और अनुचित आक्रमण का सामना कर रही है। ‘मित्र’ जब गलत हों तो उन्हें यह बताने की जरूरत है कि वो गलत हैं। दुनिया के ऊपर से आवरण हट गया है। भारत को पक्षों को चुनना होगा।’