शिमला। (एजेंसी)। हिमाचल प्रदेश के ऊना जिला की हरोली तहसील के बाथड़ी औद्योगिक क्षेत्र में आज हुए एक भीषण हादसे में 6 महिलाओं की मौत हो गई। ये हादसा एक पटाखा फैक्टरी में हुआ। इस हादसे में 13 लोग घायल हुए हैं। हादसे की सूचना मिलते ही अग्निशमन विभाग की टीम मौके पर पहुंची। प्रशासनिक अधिकारी भी वहां पहुंच गए हैं। बताया जा रहा है कि फैक्टरी के अंदर काफी कर्मी मौजूद थे। इनमें से कुछ तो बाहर आने में कामयाब हो गए, लेकिन कुछ विस्फोट की चपेट में आ गए और कुछ का अभी तक पता नहीं चल पाया है। इस बीच पता चला है कि ये पटाखा फैक्टरी अवैध थी। जानकारी के अनुसार 10 लोगों को पीजीआई चंडीगढ़ शिफ्ट किया गया है।