नागपुर। (नामेस)। कोराडी पुलिस की टीम ने छत्तीसगढ़, मध्य प्रदेश में जाकर धोखाधड़ी के एक मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी कुछ दिन पहले अपने एक साथी के साथ मिलकर कोराडी परिसर स्थित एक पेट्रोल पंप के मैनेजर से धोखाधड़ी कर 1,00,000 लेकर फरार हो गया था। प्राप्त जानकारी के अनुसार 7 जनवरी 2022 को करीब 11:30 बजे के दरमियान फरियादी सनत सुमेश्वर चतुर्वेदी (62) प्लॉट क्रमांक 34, राजेश्वर नगर गोधनी रेलवे निवासी अपने भारत पेट्रोल पंप के कैशियर आॅफिस में बैठे हुए थे। उसी दौरान 30 से 35 आयु वर्ग के दो अज्ञात युवक वहां आए और 1,00,000 के चिल्लर के बदले में 500 के नोट कर मांगे। तब आरोपियों ने धोखाधड़ी कर 1,00,000 लेकर गायब हो गए थे। इस मामले की जांच के दौरान कोराडी पुलिस ने आरोपी विपिन उर्फ आर्यन ज्ञानी साहू (22) न्यूटन चिखली जिला छिंदवाड़ा मध्य प्रदेश निवासी द्वारा उसके एक साथी द्वारा इस वारदात को अंजाम देने के बात का पता चला। आरोपियों के वाहन का अधूरा नंबर पुलिस के हाथ लगा, जिसकी जांच में पता चला कि आरोपी मध्य प्रदेश की तरफ जाने वाली सड़क मार्ग से भागे हैं। पुलिस ने मध्य प्रदेश के छिंदवाड़ा में आरटीओ कार्यालय में जाकर जब उस अधूरे नंबर की जांच की तो एक संदिग्ध वाहन का नंबर उन्हें मिला। 15 फरवरी 2022 के दरमियान कोराड़ी पुलिस की एक टीम ने मध्यप्रदेश में जाकर विपिन उर्फ आर्यन ज्ञानी साहू को गिरफ्तार किया। अब पुलिस उसके दूसरे साथी की भी तलाश कर रही है। इस कार्यवाही को पुलिस उपायुक्त जोन 5 मनीष कलवानिया के मार्गदर्शन में वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक कृष्णा शिंदे, पुलिस उप निरीक्षक इस्माइल शरीफ, पुलिस हवलदार सुभाष दुपारे, सिपाही प्रकाश जाधव, युगल सेलोकर, संजय फतेह ने मिलकर अंजाम दिया है।