नई दिल्ली। (एजेंसी)। कर्नाटक में हिजाब विवाद का मामला गर्माया हुआ है। उधर, यूपी के गाजियाबाद में हिजाब पहने महिला प्रदर्शनकारियों के एक समूह पर पुलिस के लाठीचार्ज का मामला सामने आया है। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। हालांकि इस मामले में अब पुलिस की ओर से सफाई भी आई है। मिली जानकारी के अनुसार, घटना तीन दिन पहले की है और वीडियो गाजियाबाद के खोड़ा थाना क्षेत्र का बताया जा रहा है। पुलिस के अनुसार, महिलाओं ने अधिकारियों पर हमला कर दिया, जिससे हाथापाई की नौबत आ गई। पुलिस ने बताया कि बाद में मामला शांत हो गया था। सीओ अभय कुमार ने बताया कि घटना रविवार की है। जब पुलिस की एक टीम गश्त पर थी, तो उन्होंने 10-15 महिलाओं को विरोध करते देखा। धारा 144 लागू करने का फैसला करने के बाद ही महिलाओं को मौके से हटाया गया। मामले की जांच संबंधित अधिकारियों द्वारा की जा रही है। घटना को लेकर प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। अब तक किसी की गिरफ्तारी नहीं हुई है। पुलिस ने कहा कि जांच जारी है। गौरतलब है कि कर्नाटक में हिजाब विवाद के चलते रविवार को खोड़ा के नवनीत विहार में महिलाओं ने विरोध प्रदर्शन किया। उन्होंने न्याय की मांग करते हुए नारेबाजी की।