नागपुर। (नामेस)। नंदनवन पुलिस थाना अंतर्गत रमना मारुति के पास साइकिल से जा रही एक महिला के गले से दो युवक मंगलसूत्र छीन कर फरार हो गए। पीड़ित महिला लोगों के घरों में झाड़ू-बर्तन का काम कर अपने घर साइकिल से वापस जा रही थी। उसी दौरान यह घटना घटित हुई। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार गुरुवार शाम करीब 4:30 बजे के दरम्यान फरियादी इंदु बाई रामदास पाटिल (50) गिधोवा नगर वाठोड़ा, लेआउट निवासी लोगों के घरों में भांडे बर्तन का काम कर नंदनवन परिसर के डायमंड नगर, रमना मारुति लॉन के पीछे गली से अपनी साइकिल द्वारा जा रही थी। उसी दौरान 25 वर्षीय आयु वर्ग के 2 अज्ञात युवक उसके पास पैदल आए और उसके गले की सोने की मंगलसूत्र, जिसकी कीमत 19,000 थी, जबरदस्ती छीन कर भाग गए। फरियादी ने इसकी शिकायत पुलिस से की है। पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ भारतीय दंड विधान की धारा 392,34 के तहत मामला दर्ज किया है और आगे की जांच कर रही है।