सेल्फी लेने के चक्कर में अक्सर बड़ी घटनाएं हो जाती हैं। कई बार तो लोगों की जान तक चली गई है। ऐसी ही एक घटना हुई है राजस्थान के जयपुर शहर में। यहां पर एक शॉपिंग मॉल में क्रिसमस मनाने पहुंचा युवक सेल्फी ले रहा था। इसी दौरान गिरकर उसकी मौत हो गई। पुलिस के अनुसार घटना यहां झोटवाड़ा इलाके के एक शॉपिंग मॉल में हुई। जानकारी के मुताबिक युवक मॉल क्रिसमस मनाने के लिए आया हुआ था। वह दूसरी मंजिल पर खड़ा होकर सेल्फी ले रहा था। इसी दौरान उसका बैलेंस गड़बड़ा गया और वह नीचे गिर गया। बताया जाता है कि वह जिस जगह पर गिरा वहां एक युवती खड़ी थी। युवक के अचानक गिरने से युवती खुद को संभाल नहीं पाई और वह भी घायल हो गई। घटना में घायल युवती को अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। पुलिस के अनुसार मामले की और ज्यादा गहराई से जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि अभी सीसीटीवी फुटेज का अध्ययन किया जा रहा है। युवक की पहचान अभी नहीं हुई है।