नागपुर।(नामेस)। चोरों ने शहर के अलग-अलग स्थानों में घरों में सेंधमारी कर 5.48 लाख रुपए का सामान चुरा लिया है। पहली घटना वाड़ी थाना क्षेत्र के अंतर्गत हुई है। पुलिस ने सतवीर सिंह चौधरी (55) की शिकायत के आधार पर मामला दर्ज किया है। वह रघुपति नगर का निवासी है। चोरी की वारदात के समय सतवीर एवं उसके परिजन निद्रावस्था में थे। आधी रात को एक अज्ञात चोर पिछले दरवाजे को तोड़कर उनके घर में दाखिल हो गया। घर के अलमारी में रखे 1 लाख रुपए और सोने के आभूषण समेत 1.17 लाख रुपए का माल चुराकर आरोपी घटनास्थल से फरार हो गया। परिवार के सदस्यों को चोरी की भनक तक नहीं लगी। जब चौधरी परिवार के सदस्य सुबह छह बजे उठे तो उन्हें चोरी के बारे में पता चला। चोरी की घटना के बारे में जानकारी मिलते ही परिसर के लोगों में हड़कंप मच गया है। चोरों ने दरवाजे और अलमारी का ताला तोड़ा, लेकिन फिर भी चौधरी परिवार के किसी भी सदस्य की नींद नहीं खुली। इस बारे में मामले की जांच करने वाले अधिकारी आश्चर्य व्यक्त कर रहे हैं।
शहर के बाहर जाना पड़ा महंगा
दूसरी घटना जरीपटका थाना क्षेत्र के मिसाल लेआउट इलाके की है। पुलिस ने अरविंद कुमार पायुडुपिल्ला (42) की शिकायत के आधार पर मामला दर्ज किया है। अरविंद की सास व ससुर मिसाल लेआउट गली नं. 2 में रहते हैं। घटना के समय दोनों बेंगलुरु गए हुए थे। इस मौके का चोरों ने फायदा उठाया। शुक्रवार आधी रात को चोर घर का ताला तोड़कर अंदर दाखिल हुए। अलमारी से कुल 2.62 लाख रुपए कैश और सोने-चांदी के आभूषण लेकर चोर घटनास्थल से फरार हो गए। घटना की सूचना परिवार के सदस्यों ने शनिवार शाम को स्थानीय पुलिस को दी।
दिनदहाड़े चोरी की वारदात को दिया अंजाम
वाठोड़ा थाने में दिनदहाड़े चोरों ने एक निर्जन घर का ताला तोड़कर दाखिल होकर चोरी की वारदात को अंजाम दिया। पुलिस ने राजेश मानसिंह ठाकुर (42) की शिकायत के आधार पर मामला दर्ज किया है। वह शिवछत्रपति नगर, वाठोड़ा लेआउट का निवासी है। राजेश शनिवार सुबह करीब साढ़े दस बजे अपने घर में ताला लगाकर पारडी स्थित भवानी अस्पताल गए थे। इसी का फायदा उठाकर अज्ञात चोर ताला तोड़कर उसके घर में दाखिल हो गए। चोरों ने अलमारी से कुल मिलकर 1.69 लाख रुपए कैश और सोने के आभूषण चोरी की और इसके पश्चात घटनास्थल से फरार हो गए। शाम को करीब चार बजे जब राजेश घर लौटा तो उसे चोरी का पता चला। उसने तुरंत घटना की जानकारी पुलिस को दी। इन सभी मामलों में पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज किया है और जांच प्रक्रिया प्रारंभ कर दी है।