नागपुर। (नामेस)। देवकी जीवनदास बोबड़े (78) की शनिवार को न्यू नंदनवन क्षेत्र में बेरहमी से चाकू मारकर हत्या कर दी गई थी। हत्या के 24 घंटे बाद भी पुलिस को आरोपी का कोई सुराग नहीं लगा है। पुलिस को शक है कि हत्या के पीछे कोई साजिश हो सकती है क्योंकि घर में सब कुछ सुरक्षित पाया गया है। हालांकि, साजिश और हत्या के पीछे कारण के बारे में पुलिस को अब तक कोई जानकारी नहीं मिली है। इसलिए पुलिस बोबड़े परिवार से जुड़े हर शख्स से पूछताछ कर रही है। दरअसल देवकी एक सेवानिवृत्त चिकित्सा अधिकारी थीं। घटना के वक्त उनके पति जीवन दास घर पर थे, लेकिन लकवा के चलते वे कई दिनों से बिस्तर पर हैं। एक बुजुर्ग दंपत्ति से कोई दुश्मनी क्यों करेगा, इस प्रश्न को मामले की जांच करने वाले पुलिस दल के सदस्य अब तक नहीं सुलझा पाए हैं। घर में कोई लूटपाट भी नहीं हुई है। ऐसे में यह मामला पुलिस के लिए मानों सिरदर्द ही बनता जा रहा है। पुलिस को शक है कि वृद्धा पर हमला किसी करीबी व्यक्ति ने ही किया है। हत्यारे को अच्छी तरह पता था कि देवकी और उसका पति दोपहर में घर पर अकेले होंगे। किसी अनजान व्यक्ति का घर में इस तरह से प्रवेश करना असंभव माना जा रहा है। संभावना है कि घटना दोपहर 1 से 3 बजे के बीच हुई है। आरोपी ने कोई सबूत भी नहीं छोड़ा है। इसलिए रविवार को पुलिस ने पूरे घर की बारीकी से तलाशी ली। नंदनवन पुलिस और क्राइम ब्रांच की टीम मामले की जांच कर रहे हैं।