नागपुर। (नामेस)।
पति द्वारा पत्नी को चाय बनाने के लिए बोलना उस समय महंगा पड़ गया जब पत्नी ने गुस्से में आकर प्लास्टिक की पाइप से पति के पैर मार कर गंभीर रूप से घायल कर दिया। मामला नागपुर के सदर पुलिस थाना अंतर्गत सामने आया है जहां पति की शिकायत के बाद उसकी पत्नी के खिलाफ पुलिस ने मामला दर्ज किया है। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार सदर परिसर के नई बस्ती मंगलवारी बाजार भगवान किराना दुकान के पास निवासी फरियादी सैयद मोईन अली सैयद अली (45) ने अपनी पत्नी नसरीन बानो सैयद मोईन अली (51) को चाय बनाने के लिए कहा। इससे गुस्सा होकर आरोपी की पत्नी ने प्लास्टिक की पाइप से फरियादी के दाएं हाथ पर मार कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया। फरियादी ने इसकी शिकायत पुलिस से की है। पुलिस ने आरोपी पत्नी के खिलाफ भारतीय दंड विधान की धारा 325, 504, 506 के तहत मामला दर्ज किया है।
घरेलू झगड़े में पति ने पत्नी की बेदम पिटाई की
मानकापुर पुलिस थाना अंतर्गत इंगोले लेआउट परिसर में घरेलू झगड़े के चलते पति ने अपनी पत्नी पर हाथ मुक्की से मारपीट कर गंभीर रूप से घायल कर दिया। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार मानकापुर परिसर के प्लॉट नंबर 3, इंगोले लेआउट निवासी फरियादी श्रीमती काजल आशीष पाटिल (26) पर उसके पति आरोपी आशीष नागेश्वर पाटिल (33) ने घरेलू विवाद के बाद हाथ-मुक्की से मारपीट कर गंभीर रूप से घायल कर दिया। फरियादी ने इसकी शिकायत पुलिस से की है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ भारतीय दंड विधान की धारा 325, 504 के तहत मामला दर्ज किया है।