नई दिल्ली.
राष्ट्रपति राम नाथ कोविंद ने राष्ट्रपति भवन में 141 लोगों को पद्म पुरस्कार से सम्मानित किया. देश में भारत रत्न के बाद सर्वोच्च नागरिक सम्मान पद्म पुरस्कारों का वितरण राष्ट्रपति भवन के ऐतिहासिक दरबार हाल में किया गया. इस भव्य समारोह में विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट काम करने वाले लोगों को सम्मानित किया गया. इस बार दो वर्षों के पुरस्कार दिए जा रहे हैं. इसमें वर्ष 2020 के लिए सोमवार को 141 लोगों को आज पद्म पुरस्कार दिए गए और 2021 के लिए मंगलवार को 119 लोगों को पद्म पुरस्कारों से सम्मानित किया जाएगा.सोमवार को वर्ष 2020 के लिए पद्म विभूषण से 7, पद्म भूषण से 16 लोगों और पद्मश्री से 118 लोगों को सम्मानित किया गया. पुरस्कार पाने वालों में 29 महिलाएं, 16 मरणोपरांत पुरस्कार विजेता और 1 ट्रांसजेंडर पुरस्कार विजेता हैं.जार्ज फर्नाडीज, अरुण जेटली, सुषमा स्वराज, मॉरीशस के पूर्व राष्ट्रपति एवं प्रधानमंत्री अनिरुद्ध जगन्नाथ, अध्यात्म के लिए कर्नाटक के उडुपी स्थित पेजावर मठ के श्री विश्वेश तीर्थ स्वामी को मरणोपरांत एवं कला के लिए उत्तर प्रदेश के पंडित छन्नूलाल मिश्र और खेल के लिए मणिपुर की मैरी कॉम को पद्म विभूषण पुरस्कार से सम्मानित किया गया.