नागपुर। (नामेस)।
बजाज नगर पुलिस थाना अंतर्गत चोरी के दो मामलों के सामने आने के बाद पुलिस ने संदिग्ध आरोपी महिलाओं के फोटो जारी किए हैं। साथ ही पुलिस ने नागरिकों से आवाहन किया है कि इन महिलाओं के बारे में किसी भी जानकारी के चलते बजाज नगर पुलिस को तुरंत सूचित करें ।पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार 22 अक्तूबर 2021 के दरमियान शाम के समय श्रद्धानंदपेठ स्थित तनिष्क ज्वेलर्स की दुकान में 40 से 50 आयु वर्ग की दो अज्ञात महिलाएं एक 9 से 10 वर्ष के बच्चे के साथ एक आॅटो में सवार होकर पहुंची। दुकानदार की नजर चुरा कर सोने की चूड़ियां, जिनकी कीमत 1,51,408 थी, चुराकर ले गई थी। यह मामला बजाज नगर पुलिस थाने में दर्ज हुआ था। दूसरी घटना 23 अक्तूबर 2021 की है। वेस्ट हाई कोर्ट रोड, बजाज नगर स्थित वामन हरी पेठे ज्वेलरी की दुकान में एक 35 से 40 आयु वर्ग की महिला एक 9 साल के बच्चे के साथ दुकान में आई थी और सोने की चूड़ियां खरीदने के नाम पर 1 लाख 86 हजार कीमत की दो सोने की चूड़ियां लेकर गायब हो गई। इन दोनों ही मामलों में शामिल महिलाओं के सीसीटीवी फुटेज से निकाले गए फोटो पुलिस ने जारी किए हैं। साथ ही नागरिकों से भी आह्वान किया है कि इन दोनों महिलाओं के संबंध में किसी भी जानकारी के चलते तुरंत बजाज नगर पुलिस को सूचित करें।