नागपुर। (नामेस)।
बेलतरोड़ी पुलिस थाना अंतर्गत मनीष नगर में डेली नीड्स की दुकान पर पेपर नैपकिन खरीदने के बाद जब फरियादी ने उसका बिल मांगा तो आरोपी ने उसके साथ वाद-विवाद किया और इसी वाद विवाद में दुकानदार ने अपने दांत से फरियादी के हाथ पर काट कर उसे गंभीर रूप से जख्मी कर दिया। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार फरियादी अशोक शामराव फुलझेले (40) न्यू नरसाला, नील विहार कॉलोनी निवासी बेलतरोड़ी परिसर के ओम साईं डेली नीड्स नामक दुकान, जो कि मनीष नगर में स्थित है, से पेपर नैपकिन खरीदने के लिए गया था। उसी दौरान दुकानदार आरोपी हर्ष लिंगे से उसने खरीदे गए सामान का बिल मांगा।इसके चलते उनका आपस में विवाद शुरू हो गया। इसी विवाद में आरोपी दुकानदार ने अपने दांत से फरियादी के हाथ को काट कर गंभीर रूप से जख्मी कर लिया। फरियादी ने इसकी शिकायत पुलिस से की। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ भारतीय दंड विधान की धारा 324, 504 के तहत मामला दर्ज किया है और आगे की जांच कर रही है।