बेंगलुरु। (एजेंसी)।
कर्नाटक के पूर्व मुख्यमंत्री बीएस येदियुरप्पा ने बुधवार को अपनी पार्टी भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष नलिन कुमार कतील को कांग्रेस नेता राहुल गांधी के खिलाफ अपमानजनक टिप्पणी करने से बचने के लिए कहा। आगामी विधानसभा उपचुनाव में भाजपा उम्मीदवार के लिए प्रचार करने पहुंचे येदियुरप्पा ने सिंदगी में कहा, ‘किसी को भी ऐसा नहीं बोलना चाहिए। मैं उनसे बात करूंगा और पूछूंगा कि इस तरह के बयान के पीछे क्या पृष्ठभूमि थी। इस तरह से बोलने की कोई जरूरत नहीं थी।’ उन्होंने कहा कि किसी को भी राहुल गांधी जैसे नेता के खिलाफ अपमानजनक बात नहीं बोलनी चाहिए। उनकी पार्टी के कार्यकर्ता उनका सम्मान करते हैं। इस सप्ताह की शुरूआत में कर्नाटक कांग्रेस के प्रमुख डीके शिवकुमार की ओर से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर निशाना साधते हुए एक ट्वीट किया गया था, जिसके बाद कांग्रेस और भाजपा के बीच वाकयुद्ध छिड़ गया है।