नागपुर। (नामेस)।
आॅटो में सवार होकर जा रही एक वृद्ध महिला के गले से सोने की चेन आॅटो में पहले से ही सवार 3 महिलाओं ने उड़ा लिया। चेन की कीमत करीब 45 हजार रुपए बताई जा रही है। यह घटना गणेशपेठ पुलिस स्टेशन अंतर्गत बस स्टैंड परिसर में हुई है।पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार प्लॉट नंबर 183, नरसाला रोड बेलदार नगर निवासी फरियादी मंगला हरिभाऊ शेठे (77) किसी कार्य से अपने रिश्तेदार के घर नागपुर से सेलू गई हुई थीं। वहां से वह वापस लौट रहीं थी। सेलू से बस में सवार होकर वह नागपुर गणेशपेठ स्थित बस स्टैंड पर पहुंची। बस स्टैंड पर बस से उतरने के बाद अपने घर बेलदार नगर जाने के लिए बस स्टैंड से एक आॅटो में सवार हुई। वह जिस आॅटो में सवार हुईं उसमें पहले से ही 3 महिलाएं बैठी हुईं थी। इन महिलाओं ने फरियादी की नजर चुराकर उनके गले से करीब 45 हजार रुपए की सोने की चेन उड़ा ली।जब उन्हें इस घटना का पता चला तो उन्होंने पुलिस में शिकायत की। पुलिस ने शिकायत के आधार पर अज्ञात आरोपियों के खिलाफ भारतीय दंड विधान की धारा 379, 34 के तहत मामला दर्ज किया है।